गुराई बावड़ी: बालाजी मंदिर के रास्ते पर जलभराव, श्रद्धालुओं को परेशानी

Share this news

नगरफोर्ट । ग्राम पंचायत गुराई बावड़ी में बालाजी मंदिर जाने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। रास्ते के दोनों ओर नालियां नहीं होने के कारण सारा पानी रास्ते पर जमा हो रहा है, जिससे कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे बालाजी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और किसानों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्राम पंचायत गुराई निवासी समाजसेवी विक्रम शर्मा ने बताया कि गुराई गांव का प्रमुख धार्मिक स्थल बावड़ी के बालाजी मंदिर लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम होते रहते हैं। गांव के अलावा आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु दर्शन और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए आते हैं। साथ ही यह रास्ता आगे खेतों को भी जाता है, इसलिए किसानों की भी यहां से लगातार आवाजाही होती रहती है।लेकिन रास्ते के दोनों ओर नालियां नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है। जलभराव के कारण श्रद्धालुओं, राहगीरों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। कई बार लोग कीचड़ में फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से मांग की है कि रास्ते के दोनों ओर नालियां बनाकर पानी की निकासी की पुख्ता व्यवस्था करवाई जाए, ताकि जलभराव की समस्या से आमजन को छुटकारा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *