
करवर (कृष्ण दीक्षित) ।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से चलाए जा रहे सांसद जन सेवा अभियान के तहत 8 सितंबर को करवर में जन सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र के लोगों के विभिन्न सरकारी दस्तावेजों का सत्यापन, त्रुटि सुधार एवं नवीन पंजीकरण से संबंधित कार्य किए जाएंगे।भाजपा मण्डल अध्यक्ष रेखराज मीणा (लाखन मीणा) ने बताया कि शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। अभियान के दौरान आधार कार्ड बनवाने एवं उसमें संशोधन, जन आधार कार्ड से संबंधित कार्य, परिवार के दस्तावेजों का शुद्धिकरण, खाद्य सुरक्षा पात्रता का सत्यापन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं में पात्र लोगों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया की जाएगी।सांसद जन सेवा अभियान के तहत ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में लोगों से अपने आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचने की अपील की गई है, ताकि दस्तावेजों की जांच एवं आवश्यक सुधार का कार्य किया जा सके।शिविर का आयोजन 8 सितंबर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
