
करवर में 1 सितम्बर को धूमधाम से मनाई जाएगी धरणीधर जयंती
धाकड़ युवा शक्ति की बैठक में लिया निर्णय, कलश यात्रा के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा; रात्रि में होगी भजन संध्या
*राजस्थान रणकौशल हाड़ौती*
करवर । धाकड़ युवा शक्ति की बैठक मंगलवार को करवर स्थित बालाजी मैरिज गार्डन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नीरज नागर ने की। बैठक में समाज के युवाओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में आगामी 1 सितम्बर को धरणीधर जयंती को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। जयंती के अवसर पर करवर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में धरणीधर जयंती के कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं ने कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय करने तथा अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि धरणीधर जयंती के अवसर पर सुबह से ही धार्मिक माहौल रहेगा और इसके बाद कलश यात्रा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं एवं युवा शामिल होंगे। कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। वहीं शोभायात्रा में डीजे की धुन, ध्वज-पताकाएं और धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा में विशेष विमान पर धरणीधर जी की प्रतिमा भी शामिल की जाएगी, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। शोभायात्रा के दौरान युवाओं द्वारा धार्मिक जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम को लेकर कहा गया कि धरणीधर जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और युवा पीढ़ी को अपनी परंपरा एवं संस्कृति से जोड़ने का अवसर भी है। जयंती के कार्यक्रम में समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया।
रात्रि में होगी भव्य भजन संध्या
धरणीधर जयंती के अवसर पर दिनभर के कार्यक्रमों के बाद रात्रि में बालाजी मैरिज गार्डन में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या को लेकर भी लोगों में उत्साह है। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं और समाज के लोगों के लिए कार्यक्रम की उचित व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बैठक में युवाओं ने जयंती के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। साथ ही शोभायात्रा और भजन संध्या में आसपास के गांवों से भी समाज के लोगों को आमंत्रित करने पर चर्चा हुई। धाकड़ युवा शक्ति की ओर से सभी समाजबंधुओं से 1 सितम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
युवाओं ने कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए तैयारियां शुरू करने का निर्णय लिया।
