कोटा । विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ रहे श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर चित्तौड़ प्रांत में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ कोटा से किया जाएगा। आगामी 2 अक्टूबर को कोटा में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें लगभग 11 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।विहिप के महानगर प्रचार प्रमुख रामबाबू मालव ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर मानव विकास भवन, कोटा में विश्व हिंदू परिषद कोटा महानगर, कोटा ग्रामीण, रामगंजमंडी एवं बूंदी जिले के कार्यकर्ताओं की विभाग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक को संबोधित करते हुए विहिप प्रांत सह मंत्री सुंदरलाल कटारिया ने कहा कि चित्तौड़ प्रांत में अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों का शुभारंभ 2 अक्टूबर को कोटा से होगा। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के विचारों, शिक्षाओं, तप, त्याग तथा राष्ट्र और धर्म के प्रति उनके समर्पण को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जन्मशताब्दी वर्ष का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।कटारिया ने कहा कि अशोक जी सिंघल ने राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही विश्व हिंदू परिषद को सशक्त एवं व्यापक संगठन के रूप में विकसित करने में अपना जीवन समर्पित किया। उनका संगठनात्मक कौशल, कार्यशैली और राष्ट्र एवं हिंदू समाज के प्रति समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।विहिप कोटा महानगर अध्यक्ष श्रीनाथ जी मित्तल ने कहा कि अशोक जी सिंघल का जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन हिंदू समाज को संगठित करने और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए समर्पित किया। राम जन्मभूमि आंदोलन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके विचार और जीवन-संदेश आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।बैठक में जानकारी दी गई कि 2 अक्टूबर को कोटा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिले एवं प्रखंड स्तर तक व्यापक तैयारियां करने और अधिक से अधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।बैठक में मंच पर विभाग मंत्री नंदलाल प्रजापत, महानगर अध्यक्ष श्रीनाथ मित्तल एवं जिला अध्यक्ष मथुरालाल मेहता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। आचार पद्धति एवं बैठक का संचालन ग्रामीण जिला मंत्री रामेश्वर राठौर ने तथा सह गीत का संचालन महानगर सह मंत्री योगेश बत्रा ने किया।इस अवसर पर प्रांत धर्म यात्रा प्रमुख इंद्रराज मीणा, सह प्रचार प्रमुख मोहन मालव, महानगर मंत्री आशीष शर्मा रामगंजमंडी जिला मंत्री ओमप्रकाश मीणा, बूंदी जिला मंत्री संजय नागर सहित कोटा महानगर, ग्रामीण, रामगंजमंडी एवं बूंदी जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि अशोक जी सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाते हुए उनके विचारों, जीवन-संदेश और राष्ट्र एवं हिंदू समाज के प्रति समर्पण को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

