

बूंदी । नगर परिषद बूंदी की ओर से आयोजित कजली तीज मेले में रविवार रात कुंभा रंगमंच पर स्टार नाइट का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में टीवी जगत की चर्चित कलाकार मुस्कान बामने सहित बड़े डांस ग्रुप और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फिल्मी अंदाज की नृत्य प्रस्तुतियों और कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस से कुंभा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रतिदिन की तरह कार्यक्रम की शुरुआत नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं गणेश वंदना के साथ कराई। इसके बाद मंच संचालन एडवोकेट राजकुमार दाधीच ने किया। स्टार नाइट के दौरान कार्यक्रम का संचालन रईस ने किया।स्टार नाइट में टीवी धारावाहिक पुष्पा इम्पॉसिबल में शान्या मेहता के किरदार के लिए पहचानी जाने वाली मुस्कान बामने ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं एवी डांस ग्रुप, आगरा की लीड परफॉर्मर अंजली वर्मा और उनकी टीम ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर माहौल को रंगीन बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।कजली तीज मेले के दौरान नगर परिषद की ओर से लगातार सांस्कृतिक, धार्मिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्टार नाइट भी मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही। कार्यक्रम देखने के लिए कुंभा स्टेडियम में बड़ी संख्या में शहरवासी और आसपास के क्षेत्रों से आए दर्शक मौजूद रहे।

