ताकला के राजकीय मिडिल स्कूल में अहिंसा दिवस पर विविध कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
नैनवां । नैनवां ब्लॉक के राजकीय मिडिल स्कूल ताकला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अहिंसा दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में स्वच्छता गतिविधियां भी आयोजित कीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण, प्रश्नोत्तरी एवं झांकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। गांधी जी के जीवन, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को प्रदर्शित करती विद्यार्थियों की झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही।
प्रतियोगिता संचालक शिक्षक किशन लाल कहार ने बताया कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के कक्षा 6 से 8 वर्ग में दिव्यांशी हाड़ा विजेता एवं लवकुश बंजारा उपविजेता रहे। वहीं कक्षा 1 से 5 वर्ग में दीपमाला जांगिड़ विजेता तथा चेतराम गुर्जर उपविजेता रहे।
इसी प्रकार पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के कक्षा 1 से 5 वर्ग में दीपमाला जांगिड़ विजेता एवं सुनैना हाड़ा उपविजेता रही। कक्षा 6 से 8 वर्ग में दिव्यांशी हाड़ा विजेता तथा शिवानी लाली एवं प्रिया बैरवां संयुक्त रूप से उपविजेता रहीं। झांकी प्रतियोगिता में वीर प्रताप सिंह हाड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर शिक्षक विकास कुमार यादव, देवराज गुर्जर एवं मनीष बैरवां ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, सादगी एवं राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक आंदोलनों की जानकारी देते हुए सत्य, अहिंसा, अनुशासन एवं देशप्रेम के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिक्षिका कोमल जाजोरिया ने गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का मधुर सामूहिक गायन करवाया, जिससे पूरा वातावरण भावपूर्ण एवं संगीतमय हो गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुरेन्द्र कुमार जाट ने किया।
कार्यक्रम संचालक किशन लाल कहार ने गांधी जी के नशामुक्ति संबंधी विचारों को विद्यार्थियों के सामने रखते हुए उन्हें नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी स्वरचित रचना के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं चरित्र का संगीतमय प्रस्तुतिकरण किया, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किया।
संस्था प्रधान रामकिशन नागर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता रहे विद्यार्थियों के परिणाम घोषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संदेश
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और नशामुक्त समाज के विचारों से जोड़ने के साथ-साथ लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

