सेवा ज्योति कलश यात्रा से दिया जनसेवा का संदेश

Share this news

ढोल-नगाड़ों के साथ गांव के मोहल्लों से गुजरी यात्रा, ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

         

नैनवां । उपखंड क्षेत्र के सुवानिया गांव में विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत निदेशक, स्कूल शिक्षा, बीकानेर के निर्देशानुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुवानिया में बुधवार को सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना एवं कलश पूजन से हुई। विद्यालय के प्राचार्य कमल कुमार मरमिट ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

यात्रा में सात बालिकाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। विद्यार्थियों ने हाथों में जनसेवा एवं मानवता का संदेश देने वाली तख्तियां लेकर “सेवा ही हमारा धर्म है”, “जन सेवा राष्ट्र सेवा”, “विकसित भारत हमारा संकल्प”, “सेवा हमारा धर्म है, परहित हमारा कर्म है” सहित विभिन्न प्रेरणादायी नारे लगाए।

ढोल-नगाड़ों के साथ विद्यार्थी पूरे गांव के विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरे। यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम प्रभारी धर्मेन्द्र नागर तथा सह प्रभारी जिनेंद्र जैन रहे।

सेवा की भावना जगाना उद्देश्य

कार्यक्रम सह प्रभारी जिनेंद्र जैन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों में मानव सेवा, जनसेवा और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है। वहीं प्राचार्य कमल कुमार मरमिट ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से समाज के दीन-दुखियों की सहायता के लिए लोगों को प्रेरित करने तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के राकेश नागर, धर्मेन्द्र नागर, सुनील मीणा, रामप्रसाद सैनी, अजय कुमार मीणा, नवल किशोर साहू, रिंकू जैन, मुकेश चौधरी, मोनू शर्मा, जीतराम चौधरी, जिनेंद्र जैन, रामसहाय मीणा, अरुणा सेन एवं सीता शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंद्रा शर्मा, आशा सहयोगिनी एवं साथिन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *