करवर । रक्षाबंधन के अवसर पर भाजपा करवर मंडल की ओर से देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए रक्षासूत्र डाक द्वारा भेजे गए। मंडल अध्यक्ष लाखन मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जवानों के नाम राखियां भेजीं।इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष लाखन मीणा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। हमारे जवान देश की सीमाओं पर परिवार से दूर रहकर दिन-रात भारत माता की रक्षा में डटे रहते हैं। उनके कारण ही हम अपने घरों में सुरक्षित रहकर त्योहार मना पाते हैं।उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात जवानों के लिए भेजा गया यह रक्षासूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि देश की बहनों और पूरे करवर मंडल की ओर से उनके प्रति प्रेम, सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। रक्षासूत्र के माध्यम से हम सभी जवानों को यह संदेश देना चाहते हैं कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके परिवारों की भावनाओं को समझता है।लाखन मीणा ने कहा कि हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि देश की रक्षा में लगे सभी जवान स्वस्थ और सुरक्षित रहें तथा उनका मनोबल हमेशा ऊंचा रहे। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के त्याग और समर्पण को देश कभी नहीं भूल सकता।इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयकारे लगाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जवानों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित जीवन की कामना की।
रक्षा बन्धन

रक्षाबंधन पर वीर जवानों के नाम भेजे रक्षासूत्र
