अजमेर । सीताराम गहलोत
अजमेर के कच्छावा गार्डन (तबीजी) में रविवार को आयोजित सरस सहकार महाकुंभ में ‘अमूल भगाओ, सरस बचाओ’ के नारों से माहौल गूंज उठा। अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी के नेतृत्व में आयोजित महाकुंभ में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, किसान, महिलाएं और युवा जुटे। सभा में कांग्रेस नेताओं ने सरस डेयरी को बचाने और पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।मंच पर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सारिका सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान प्रशासन को 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें अमूल का पंजीयन रद्द करने, सरस को संरक्षण देने तथा पशुपालकों के लंबित अनुदान जारी करने सहित विभिन्न मांगें शामिल रहीं।डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से किसान और पशुपालक परेशान हैं। उन्होंने रामचन्द्र चौधरी को किसानों, पशुपालकों और सहकारिता की मजबूत आवाज बताया।वहीं रामचन्द्र चौधरी ने सभा में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि यदि सरस और पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो अजमेर से दिल्ली के जंतर-मंतर तक पैदल कूच किया जाएगा। उनके आह्वान पर भीड़ ने हाथ उठाकर समर्थन जताया।महाकुंभ में चेतावनी दी गई कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।


