करवर में धाकड़ युवा शक्ति की भव्य धरणीधर वाहन रैली का जोरदार स्वागत

Share this news

जेसीबी से हुई पुष्प वर्षा, शीतल पेयजल व अल्पाहार से किया स्वागत; सैकड़ों की संख्या में वाहनों का काफिला मांडकला पहुंचा

करवर (कृष्ण दीक्षित) । धाकड़ युवा शक्ति के तत्वावधान में भगवान धरणीधर के प्रति आस्था और समाज में एकजुटता का संदेश लेकर निकाली गई भव्य धरणीधर वाहन रैली का करवर में जोरदार स्वागत किया गया। इटावा और गैंता क्षेत्र से रवाना हुई रैली में करीब सैकड़ो की संख्या में वाहनों का काफिला शामिल रहा। रैली जैसे ही करवर पहुंची, धाकड़ समाज के युवाओं और समाजबंधुओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान जेसीबी मशीन से रैली पर पुष्प वर्षा की गई तथा रैली में शामिल युवाओं को शीतल पेयजल और अल्पाहार वितरित किया गया।

रैली के करवर पहुंचने बड़ी संख्या में समाजबंधु और युवा रैली के स्वागत के लिए मार्ग में मौजूद रहे। वाहनों पर ध्वज और समाज से जुड़े संदेश दिखाई दिए। रैली में शामिल युवा भगवान धरणीधर के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।

रैली का उद्देश्य समाज के युवाओं को एकजुट करना, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने तथा समाज की प्रगति में युवा शक्ति की भूमिका को मजबूत करना रहा। धाकड़ युवा शक्ति के वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवा संगठित होकर समाजहित में कार्य करें और शिक्षा, संस्कार, सेवा तथा सामाजिक एकता को प्राथमिकता दें, तभी समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।

करवर में स्वागत के बाद वाहन रैली अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए भगवान धरणीधर के मंदिर मांडकला के लिए रवाना हुई। रैली में बड़ी संख्या में युवा अपने वाहनों के साथ शामिल रहे। पूरे मार्ग में रैली का समाजबंधुओं द्वारा पुष्प वर्षा, माला पहनाकर तथा शीतल पेयजल और अल्पाहार से स्वागत किया गया।

मांडकला पहुंचने पर रैली का समापन भगवान धरणीधर के मंदिर में हुआ। यहां समाजबंधुओं ने भगवान धरणीधर के दर्शन कर समाज की सुख-समृद्धि, एकता और प्रगति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *