13 जुलाई को OTT फ्लैटफॉम पर रिलीज होगी तीन बेगम, रिलीज से पहले रही विवादों में, फिल्म निर्माता के सी बोकाडिया द्वारा अजमेर को फिल्म सिटी की जल्द मिलेगी सौगात
अजमेर। वरिष्ठ फिल्म निर्माता-निर्देशक के.सी. बोकाड़िया ने कहा कि उनकी फिल्म ‘तीन बेगम’ को लेकर उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिलीं। पत्नी और बेटी को भी आपत्तिजनक फोन आए, जिससे परिवार कुछ समय के लिए परेशान रहा, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह इस मुद्दे को फिल्म के प्रचार का माध्यम नहीं बनाएंगे।
शुक्रवार को अजमेर में मीडिया से बातचीत के दौरान बोकाड़िया ने बताया कि थिएटर मालिकों की 90 दिन तक किसी OTT प्लेटफॉर्म पर फिल्म रिलीज नहीं करने की शर्त स्वीकार नहीं होने के कारण उन्होंने फिल्म को सिनेमाघरों से हटाने का फैसला लिया। अब यह फिल्म 13 जुलाई को दूरदर्शन के नए OTT प्लेटफॉर्म पर देशभर में निशुल्क उपलब्ध होगी, ताकि हर वर्ग का दर्शक इसे देख सके।
उन्होंने कहा कि ‘तीन बेगम’ किसी धर्म या समाज के खिलाफ नहीं है, बल्कि वास्तविक घटनाओं और सामाजिक संदेश पर आधारित फिल्म है। उनका दावा है कि दर्शकों, विशेषकर महिलाओं, ने फिल्म को सराहा है और इसे IMDB पर 8.6 की रेटिंग मिली है।
बोकाड़िया ने राजस्थान, विशेषकर अजमेर के प्रति अपना लगाव भी जताया। उन्होंने कहा कि यदि अजमेर के पास सम्मानजनक तरीके से 10 बीघा जमीन उपलब्ध कराई जाए तो वह करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश कर आधुनिक फिल्म स्टूडियो स्थापित करने को तैयार हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और राजस्थान फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि अपनी फिल्म का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

