मानसून से पहले अलर्ट मोड की मांग: NSUI ने SDM को ज्ञापन सौंपा
पुष्कर। मानसून की शुरुआत के साथ संभावित आपदाओं को लेकर पुष्कर में सक्रियता बढ़ गई है। युवा छात्र नेता एवं NSUI अध्यक्ष मधुसूदन मैक्स पाराशर के नेतृत्व में युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपखंड अधिकारी (SDM), नगर परिषद प्रशासक एवं आपदा प्रबंधन के प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आपदा प्रबंधन की बैठक बुलाने और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर लाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बारिश के मौसम में जलभराव, बिजली हादसे, सीवरेज और सफाई जैसी समस्याएं आमजन के लिए बड़ा संकट बन जाती हैं। ऐसे में पुलिस, SDRF, पुलिस मित्र, विद्युत विभाग, सीवरेज, सफाई, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई हो सके।
मधुसूदन मैक्स पाराशर ने मांग की कि आपदा प्रबंधन के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, जिससे आमजन की शिकायतें सीधे संबंधित विभाग तक पहुंच सकें और त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने यह भी घोषणा की कि NSUI की ओर से एक युवा आपदा सहायता टीम गठित की जाएगी, जो आपदा के समय प्रशासन और जनता के बीच समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों में सहयोग करेगी।
SDM पुष्कर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में हेमंत गुर्जर, दिनेश गुर्जर, प्रकाश योगी, गिरिराज सोलंकी, किशन घारु, शुभम घारु, गोविंद घारु, राज लूहार, भावेश कुमार, राज वाल्मीकि, सुरेश सहित कई युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

