ताज़ा-खबर

तीर्थ नगरी पुष्कर में ‘टेक्नो पार्टी’ का सोशल मीडिया प्रचार बना विवाद, आस्था की नगरी में उठे बड़े सवाल

पुष्कर | ब्यूरो रिपोर्ट- 
विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी पुष्कर में 11 जुलाई को एक हेरिटेज हवेली में प्रस्तावित कथित “टेक्नो पार्टी” के सोशल मीडिया पर खुलेआम प्रचार ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इंस्टाग्राम रील्स और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है, वहीं टिकट बुकिंग भी ऑनलाइन किए जाने का दावा किया जा रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि पुष्कर की पहचान भगवान ब्रह्मा की नगरी, धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत से है। ऐसे में यदि विरासत स्थलों पर इस तरह के आयोजनों का प्रचार किया जाता है, तो यह शहर की मूल पहचान पर असर डाल सकता है।
साथ ही कई सवाल भी उठ रहे हैं। क्या इस आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है? यदि अनुमति दी गई है, तो क्या आयोजन के दौरान नियमों और शर्तों के पालन की प्रभावी निगरानी भी की जाएगी? पुलिस ओर प्रशासन की ओर से फिलहाल इस तरह के किसी प्रकार के आयोजन की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों का स्वागत है, लेकिन ऐसे आयोजन नहीं होने चाहिए जिनसे धार्मिक नगरी की गरिमा और सांस्कृतिक पहचान पर सवाल खड़े हों। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस मामले में क्या रुख अपनाता है और नियमों के अनुरूप कार्रवाई या स्पष्टीकरण देता है।

Leave a Reply

Translate »