राजनीति

जयपुर में डॉ. सुनील लारा की डोटासरा से अहम मुलाकात, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर मंथन

अजमेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. सुनील लारा ने शुक्रवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा से शिष्टाचार एवं संगठनात्मक मुलाकात की। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।

बैठक में प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। डॉ. सुनील लारा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के उत्साह व जनता के विश्वास को और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान जारी रहेगा।

प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने संगठनात्मक गतिविधियों में और तेजी लाने, कार्यकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी आमजन की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

डॉ. लारा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ संगठन को मजबूत बनाने, जनसेवा के कार्यों को गति देने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Translate »