
नैनवां (बाबूलाल शर्मा)। क्षेत्र में भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व शुक्रवार को परंपरागत हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की ईश्वर से कामना की।तिलक और मुंह मीठा कराकर दिया आशीर्वाद: पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। बहनों ने पारंपरिक अनुष्ठान के तहत भाइयों के तिलक लगाकर, आरती उतारी और उन्हें मिठाई खिलाई। इसके बाद भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा का संकल्प लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।बाजारों और आवागमन में रही रौनक: रक्षा बंधन के पावन पर्व को लेकर नैनवां शहर के मुख्य बाजारों में सुबह से ही राखी और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की खासी भीड़ नजर आई। पर्व के चलते बस स्टैंड और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी बहनों और उनके परिजनों की आवाजाही से दिनभर चहल-पहल बनी रही।
