
नसीराबाद/राहुल कुमार वर्मा
राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम के रविवारीय मेले में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत नशामुक्ति रैली निकाली गई। रैली को मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज, वृत्ताधिकारी लक्ष्मणराम चौधरी, नसीराबाद सदर थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी और तहसीलदार दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में श्रद्धालु नशामुक्ति संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुए। समापन पर हजारों श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर नशा नहीं करने की शपथ ली। नशा छोड़ने वाले पुरुषों एवं महिलाओं ने नशीली वस्तुओं का त्याग कर उन्हें चम्पालाल महाराज के श्रीचरणों में समर्पित किया।
चम्पालाल महाराज ने कहा, “राजगढ़ धाम की यही पहचान, नशामुक्त हो हिंदुस्तान।” उन्होंने नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज का दुश्मन बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
धाम के प्रवक्ता सेन ने बताया कि चम्पालाल महाराज की प्रेरणा से वर्षों से चल रहे नशामुक्ति अभियान में अब तक 90 लाख से अधिक श्रद्धालु स्वेच्छा से नशामुक्ति का संकल्प ले चुके हैं। आयोजन में रमेश सेन, राहुल सेन, ओमप्रकाश सेन, ताराचन्द सेन, कैलाश सेन, पदमचन्द जैन, प्रकाश रांका, सुनील रांका, दिलीप राठी सहित कई कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
