नसीराबाद/राहुल कुमार वर्मामसाणिया भैरव धाम राजगढ़ में रविवार को नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित रैली को मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।हजारों श्रद्धालुओं ने रैली में भाग लेकर “नशे को हराना है, खुशहाल राष्ट्र बनाना है” जैसे नारों के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने हाथों में नशामुक्ति संदेशों वाली तख्तियां और बैनर थामे। रैली के समापन पर श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर जीवन में दोबारा नशा नहीं करने की शपथ ली।चम्पालाल महाराज ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ परिवार और समाज को भी खोखला करता है। नशा छोड़कर सेवा, संयम और सदाचार का मार्ग अपनाना ही सच्चे विकास का रास्ता है। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।धाम प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि चम्पालाल महाराज के नेतृत्व में कई वर्षों से नशामुक्ति महाअभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालु संकल्प ले चुके हैं।रैली में द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित आर.डी. सिंह, कॉमनवेल्थ गेम्स के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देवेन्द्र गहलोत और ओपन वर्ल्ड टेबल टेनिस चैम्पियनशिप खिलाड़ी गजानन्द शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। व्यवस्था में रमेश सेन, राहुल सेन, ताराचन्द सेन, कैलाश सेन, पदमचन्द जैन, दिलीप राठी, सुनील चौहान, अजय बुढानिया, देवानन्द, सतीश सेन, सत्यनारायण, दीपक बसीटा, भूपेन्द्र सहित अन्य ने सहयोग किया।



