बिनोता में धूमधाम से मनाई नागपंचमी, श्री खाकल देव महाराज मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Share this news

बिनोता में धूमधाम से मनाई नागपंचमी, श्री खाकल देव महाराज मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

      *राजस्थान रणकौशल हाड़ोती*

बिनोता । क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ एवं नाग देवता के पावन स्थान श्री खाकल देव महाराज मंदिर पर नागपंचमी का पर्व बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नाग देवता की महिमा के कारण बिनोता को देव नगरी के नाम से भी जाना जाता है। नागपंचमी के अवसर पर पूरा गांव सुबह से देर रात तक मेले में तब्दील रहा।

इस अवसर पर श्री खाकल देव महाराज की प्रतिमा का भव्य, अद्भुत एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। श्री खाकल देव विकास समिति की ओर से हवन-अनुष्ठान का आयोजन किया गया। विकास समिति के अध्यक्ष ठाकुर गजराज सिंह शक्तावत ने दीप प्रज्वलित कर हवन-अनुष्ठान का शुभारंभ किया। पंडित पंकज शर्मा के मंत्रोच्चार के साथ विधिवत हवन संपन्न हुआ। पूर्णाहुति के बाद पूजा-अर्चना कर मोहन भोग प्रसाद का भोग लगाया गया, जिसका पूरे दिन श्रद्धालुओं में वितरण किया गया।

नागपंचमी के अवसर पर आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री खाकल देव महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर में दर्शनार्थियों का पूरे दिन तांता लगा रहा। श्री खाकल देव नवयुवक मंडल की ओर से एलसीडी के माध्यम से श्री खाकल देव महाराज की महिमा का लगातार चित्रण किया गया।

श्री खाकल देव विकास समिति, ग्रामीणों एवं नवयुवक मंडल के सदस्यों ने मिलकर मोहन भोग प्रसाद का श्रद्धालुओं के बीच सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से वितरण किया। वहीं मंदिर परिसर को भव्य एवं आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया, जिससे मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही थी।

भव्य भजन संध्या का आयोजन
नागपंचमी के अवसर पर रात्रि में श्री खाकल देव महाराज के दरबार में भव्य भजन संध्या का आयोजन रखा गया। भजन संध्या में बाहर से आमंत्रित अतिथि कलाकार हीरालाल राव, राजू शर्मा, प्रकाश राव, महेंद्र भाटी एवं लोकेश मेवाड़ी सहित अन्य भजन कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *