नई टंकी बनाने की मांग, जिम्मेदार विभाग उदासीन
*राजस्थान रणकौशल हाड़ोती*
नगरफोर्ट । टोंक जिले में दूनी तहसील के आवा कस्बे में 50 वर्ष पुरानी पेयजल टंकी जर्जर होकर हादसे को आमंत्रित कर रही है। टंकी के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद इसके जीर्णोद्धार और नई टंकी निर्माण की दिशा में जिम्मेदार विभाग का ध्यान नहीं गया है। इससे स्थानीय लोगों में आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
आवा कस्बे के वार्ड नंबर 3 भीलों के मोहल्ले में स्थित यह टंकी आधे गांव को वर्षों से पेयजल सप्लाई कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता निहाल सोनी ने बताया कि टंकी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और किसी भी समय गिर सकती है। बावजूद इसके नई टंकी नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में इसी टंकी से पानी की सप्लाई दी जा रही है, जो खतरे की घंटी है।
सोनी ने कहा कि कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की स्थिति जस की तस बनी हुई है। टंकी की जर्जर हालत को देखते हुए बड़ा हादसा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की है कि तत्काल नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जाए और पुरानी टंकी को हटाकर जनजीवन को सुरक्षित किया जाए।

